Sunday, November 4, 2018

डीजी वंज़ारा ने दी थी गुजरात के गृह मंत्री हरेन पांड्या की सुपारी'

सोहराबुद्दीन शेख़ के कथित फ़ेक एनकाउंटर मामले के एक अहम गवाह का मुंबई के एक कोर्ट में गवाही के दौरान किया गया दावा मीडिया में छाया हुआ है. इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी ख़ूब चर्चा हो रही है.

अख़बार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सोहराबुद्दीन शेख़ के कथित फ़ेक एनकाउंटर मामले के गवाह आज़म ख़ान ने दावा किया है, "गुजरात के पूर्व आईपीएस अधिकारी डीजी वंज़ारा ने सोहराबुद्दीन को बीजेपी नेता और गुजरात के पूर्व मंत्री हरेन पांड्या की हत्या की सुपारी दी थी."

हरेन पांड्या गुजरात के गृहमंत्री थे. उनकी हत्या साल 2003 में कर दी गई थी. हरेन पांड्या की पत्नी जागृति पांड्या को गुजरात सरकार ने 2016 में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग का अध्यक्ष बनाया था.

आज़म ख़ान सोहराबुद्दीन और तुलसीराम प्रजापति का सहयोगी था. उसके मुताबिक सोहराबुद्दीन ने ये बात उसे ख़ुद बताई थी.

इन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद भी पूर्व आईपीसी अधिकारी डीजी वंजारा का कोई बयान सामने नहीं आया है.

अख़बार के मुताबिक आज़म ख़ान ने ये दावा भी किया कि साल 2010 में भी सीबीआई को ये बात बताई थी लेकिन 'तब अधिकारियों ने इस बात को उसके बयान में दर्ज़ करने से इनकार कर दिया था.'

"जब मैंने उन्हें (सीबीआई अधिकारी एनएस राजू) को हरेन पांड्या के बारे में बताया तो उन्होंने बोला नये बखेड़े में मत डालो"

2005 में सोहराबुद्दीन और 2006 में तुलसीराम प्रजापति की एनकाउंटर में मौत हो गई थी.

इस मामले में गुजरात और राजस्थान पुलिस पर फर्ज़ी मुठभेड़ के आरोप लगे और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद गुजरात सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच की और पुलिस अधिकारियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया.

सुप्रीम कोर्ट ने जांच पर नज़र रखते हुए 2010 में कहा था कि सीआईडी (क्राइम) की जांच अधूरी है. हत्या के मक़सद को साफ़ नहीं पाया गया जिसके बाद जांच सीबीआई को सौंप दी गई.

सीबीआई ने जांच में पाया था कि सोहराबुद्दीन की हत्या राजस्थान की मार्बल लॉबी के निर्देश पर की गई थी. साथ ही उनकी पत्नी कौसर बी की भी हत्या कर दी गई. इस मामले में तुलसीराम अहम गवाह था, जिसे भी मार दिया गया.

गवाहों के ऊपर दबाव ना पड़े और इंसाफ़ सही तरीक़े से हो इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को मुंबई ट्रांसफ़र कर दिया था.

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक आज़म ख़ान ने दावा किया, "सोहराबुद्दीन के साथ बातचीत में उसने मुझे बताया कि नईम ख़ान और शाहिद रामपुरी के साथ उसे गुजरात के गृहमंत्री हरेन पांड्या को मारने की सुपाड़ी मिली और उन्होंने उनकी हत्या कर दी. मुझे दुख हुआ और मैंने सोहराबुद्दीन से कहा कि उन्होंने एक अच्छे आदमी की जान ले ली है. सोहराबुद्दीन ने मुझे बताया कि ये सुपाड़ी वंज़ारा ने दी थी."

अख़बार के मुताबिक आज़म ख़ान ने ये दावा भी किया कि सोहराबुद्दीन ने उसे बताया था कि 'ऊपर से ये काम दिया गया था.'

पूर्व आईपीएस अधिकारी डीजी वंज़ारा की गुजरात पुलिस में छवि एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब वंज़ारा को उनके करीबी अधिकारियों में गिना जाता था.

वंज़ारा साल 2002 से 2005 तक अहमदाबाद की क्राइम ब्रांच के डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस थे. उनकी यहां तैनाती के दौरान करीब बीस लोगों के एनकाउंटर हुए थे. बाद में इन एनकाउंटरों पर सवाल उठे थे.

वंज़ारा को 2007 में गुजरात सीआईडी ने गिरफ़्तार किया था.

मुंबई में सीबीआई की एक अदालत ने अगस्त 2017 में वंजारा को सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर मामले में बरी कर दिया. सीबीआई ने इस फ़ैसले को ऊपर की अदालत में चुनौती नहीं दी थी.

आज़म ख़ान को उदयपुर की सेंट्रल जेल से गवाही देने के लिए मुंबई लाया गया था. उसे उदयपुर पुलिस ने बीते महीने ही गिरफ़्तार किया था. आज़म ख़ान ने कोर्ट में ये भी बताया कि वो किस तरह सोहराबुद्दीन के संपर्क में आया.

No comments:

Post a Comment